उनियारा, 9 घंटे पहले

क्षेत्र के गांगली गांव में सोमवार सुबह ईआरसीपी की खोदी जा रही नहर में भरे पानी में गिरने से पांच वर्षीय बच्चे अजय की मौत हो गई। हादसा सुबह करीब साढ़े 11 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार गांगली गांव निवासी कालू (3) पुत्र आशाराम बैरवा ईआरसीपी परियोजना के लिए खोदी जा रही नहर के पास था। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह करीब 12 फीट गहरी नहर में पानी से भरे खड्डे में जा गिरा।

बच्चे को गहरे पानी में गिरता देख उसकी मां प्रियंका ने उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में छलांग लगा दी। मां के भी पानी में कूदने पर मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल दोनों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद प्रियंका और बच्चे को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रियंका को लिटाकर उसके पेट में भरा पानी निकालने का प्रयास किया। बाद में मां-बेटे को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उनियारा लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने जांच के बाद कालू को मृत घोषित कर दिया। प्रियंका की हालत में सुधार होने पर उसे घर भेज दिया गया। पुलिस की मौजूदगी में परिजनों से पोस्टमार्टम के संबंध में जानकारी ली गई। परिजनों ने पोस्टमार्टम करवाने से मना कर दिया। इसके बाद शव बिना पोस्टमार्टम के परिजन घर ले गए। घटना के बाद गांगली गांव में शोक की लहर दौड़ गई।




