मालपुरा, 8 घंटे पहले

देवनारायण पदयात्रा समिति व वीर गुर्जर समाज तहसील मालपुरा के तत्वावधान में मालपुरा से देवनारायण जोधपुरिया धाम की 34वीं लक्खी पदयात्रा सोमवार को ध्वज पूजन कर धूमधाम से रवाना हुई। पदयात्रा सोमवार को सुबह सवा सात बजे श्री देवनारायण मंदिर ट्रक स्टैंड से भगवान की पूजा-अर्चना कर डीजे की धुन पर नाचते-गाते रवाना की गई।

पदयात्रा संयोजक रिद्धकरण गुर्जर ने बताया कि पदयात्रा समिति द्वारा यात्रियों के लिए रात्रि विश्राम की व्यवस्था, भोजन, पेयजल, और सामान परिवहन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यात्रियों को वापस आने की व्यवस्था स्वयं यात्रियों को करनी होगी। पदयात्रा मालपुरा से रवाना होकर डिग्गी में कल्याण दर्शन करती हुई लावा पहुंचेगी। वहां विश्राम किया जाएगा। मंगलवार को लावा से रवाना होकर नाथड़ी पहुंचेगी। वहां विश्राम होगा। बुधवार को पीपलू, लोहरवाड़ा, कचौलिया, और मंदोपुरिया होकर सीधे देवधाम जोधपुरिया पहुंचेगी। वहां रात को भजन-कीर्तन किया जाएगा।




