टोंक, 1 घंटे पहले

टोंक के RAC कैंपस में हेड कॉन्स्टेबल ने सुसाइड कर लिया। सुबह 6.30 बजे उनका शव पेड़ से लटका फंदे पर लटका मिला।
फिलहाल सुसाइड के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया हैं। बॉडी को मॉर्च्युरी में रखवाने के साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दी गई है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान RAC 9वीं बटालियन में तैनात हीरालाल (54) पुत्र हनुमान गुर्जर, निवासी दुदवा, खेतड़ी थाना क्षेत्र, झुंझुनूं के रूप में हुई है। यहां वह अकेले रहते थे। घटना की जानकारी उनके साथियों को रविवार सुबह लगी। उन्होंने कमांडेंट को सूचना दी।
इसके बाद कमांडेंट मौके पर पहुंचे और कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना पर डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा और कोतवाली थाना प्रभारी भंवर लाल वैष्णव पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया

सआदत अस्पताल की मॉर्च्युरी के बाहर खड़े बटालियन के साथी।
बैरक में साथियों के साथ सोया था
कोतवाली थाना प्रभारी भंवर लाल वैष्णव ने बताया- हीरालाल शनिवार रात को अपने साथियों के साथ बैरक में सोये थे। सुबह वह RAC 9वीं बटालियन परिसर में स्थित एक पेड़ पर फंदा लगाकर लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सआदत अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है।
पुलिस और RAC बटालियन के अधिकारियों ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमाॅर्टम कराया जाएगा और शव उन्हें सौंपा जाएगा। मृतक के दो बेटे हैं।

RAC 9वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट महेश चंद ने बताया कि सुसाइड के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
मौके से नहीं मिला सुसाइड नोट
RAC 9वीं बटालियन के डिप्टी कमांडेंट महेश चंद ने बताया- मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। कोतवाल भंवर लाल वैष्णव ने भी इसकी पुष्टि की। पुलिस के अनुसार आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कारण हैं या कोई अन्य वजह, इसका अभी पता नहीं चला है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





