
सुनारा गांव में जलभराव और दूषित पानी की समस्या को लेकर प्रकाशित खबर के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया। लंबे समय से परेशानी झेल रहे ग्रामीणों के रास्ते पर बुधवार को मिट्टी और कंक्रीट डलवाने का काम शुरू कर दिया गया। वहीं सफाई अभियान भी प्रारंभ हो गया है। कार्रवाई शुरू होने से ग्रामीणों को तत्काल राहत की उम्मीद बंधी है।

गौरतलब है कि सुनारा में रास्ते पर लंबे समय से दूषित पानी जमा होने के कारण आवागमन मुश्किल बना हुआ था। ग्रामीणों की समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन ने मौके पर कार्रवाई शुरू की। अब रास्ते को दुरुस्त करने के लिए मिट्टी-कंक्रीट डलवाई जा रही है। हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि सिर्फ जमा पानी की सफाई कर देने या रास्ते पर मिट्टी-कंक्रीट डाल देने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। यदि दूषित पानी की निकासी के लिए समुचित व्यवस्था नहीं की गई तो कुछ समय बाद फिर वही हालात पैदा हो जाएंगे।




