
सीजेपी नेता शुक्रवार को संसद मार्ग थाने पहुंचे। थाने के बाहर समर्थकों ने प्रदर्शन किया।
कॉकरोच जनता पार्टी कार्यकर्ता नीशू आजाद के पिता के साथ मारपीट मामले में CJP ने आज दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में प्रदर्शन किया था। CJP की मांग थी कि आरोपी स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ तुरंत कार्रवाई हो। पुलिस और CJP प्रतिनिधियों के बीच करीब 3 घंटे बैठक चली।
पुलिस ने आश्वासन दिया कि आरोपी के खिलाफ SC/ST एक्ट लगेगा और 72 घंटे के अंदर गिरफ्तारी होगी। दरअसल नीशू का आरोप था कि 23 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान उनके पिता संजय के साथ मारपीट की गई।
इस बीच स्वतंत्र का एक पॉडकास्ट वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह संजय पर हमला करने की बात कबूल करता नजर आया। हालांकि, उसने कहा कि उसने ऐसा सेल्फ डिफेंस में किया था। इस पर सौरव दास ने सवाल उठाया कि जब आरोपी खुद हमला करने की बात स्वीकार कर रहा है तो पुलिस कार्रवाई क्यों नहीं कर रही है।
थाने के बाहर CJP समर्थक, 2 तस्वीरें…

सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका को पुलिस ने बैरेकेडिंग लगाकर रोक दिया था। जिसके बाद उन्होंने पुलिस से बात की।

पुलिस ने बाद में सौरव और आशुतोष को बैरेकेडिंग के बीच से रास्ता देकर अंदर आने दिया।
मारपीट मामले में पीड़ित, आरोपी और दिल्ली पुलिस का पक्ष….

23 जून को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान निशु के पिता संजय पर हमला हुआ था। इसके बाद CJP फाउंडर अभिजीत दीपके ने उन्हें मंच पर बुलाकर बात की थी।
1. पीड़ित पक्ष- संजय कुमार/नीशू आजाद
CJP कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय कुमार 23 जून को जंतर-मंतर पर CJP प्रदर्शन के दौरान घायल हुए थे। संजय की शिकायत पर पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में केस दर्ज हुआ। नीशू का आरोप है कि उनके पिता का सिर फोड़ा गया और डेढ़ महीने बाद भी पुलिस ने पर्याप्त कार्रवाई नहीं की।
2. आरोपी- स्वतंत्र भारद्वाज
स्वतंत्र भारद्वाज ने एक वायरल पॉडकास्ट में दावा किया कि उन्होंने संजय के सिर पर हमला किया था और उन्हें 60 टांके लगे थे। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें जेल नहीं जाना पड़ा। बाद में भारद्वाज ने अपने बयान से पलटते हुए कहा कि यह हमला नहीं बल्कि सेल्फ-डिफेंस था। उनका दावा है कि 10-15 लोगों ने उन्हें घेर लिया था और अगर वह बचाव में कार्रवाई नहीं करते तो उन्हें भीड़ मार सकती थी।
3. दिल्ली पुलिस का पक्ष
पुलिस के मुताबिक 23 जून को संजय कुमार के सिर पर कड़ा (ब्रेसलेट) लगने से चोट आई। संजय को RML अस्पताल में मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। मेडिको लीगल केस में चोट साधारण बताई गई।
पुलिस ने खोपड़ी फटने/फ्रैक्चर के दावे को गलत बताया। सूरज कुमार (24) और स्वतंत्र भारद्वाज (21) को मौके से हिरासत में लिया गया था। जांच के दौरान दोनों को नोटिस देकर पूछताछ की गई और पुलिस का कहना है कि कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है तथा जल्द चार्जशीट दाखिल की जाएगी।
नीशू के पिता का वायरल वीडियो, धमकी देते देखे; सफाई में बोले- ये आधी सच्चाई

नीशू के पिता संजय का यह वीडियो वायरल हुआ है। हालांकि उन्होंने सफाई में कहा कि ये वीडियो अधूरा है, इसमें पूरी बात नहीं बताई गई।
वायरल वीडियो में संजय आजाद कहते हैं…
मैं कहना चाहता हूं कि कुछ लोग कह रहे हैं अनजाने में मेरे सिर पर चोट मारकर सोचते हैं कोई बहुत बड़ा तीर मार दिया। तो मैं कहना चाहता हूं कि वहां अगर दो मिनट पुलिस न आती तो फोटो में देख सकते हो तुम्हारी दशा किस तरह कर दी थी। पुलिस को वहम हो गया था कि मैं तुम्हें मार रहा हूं इसलिए गलती से मुझे पकड़ लिया। आमने-सामने की लड़ाई कर ले जहां मन हो वहां मिलने के लिए तैयार हूं।
जब दैनिक भास्कर ने उनसे इस वीडियो के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि यह वीडियो की आधी सच्चाई है।
संजय ने कहा- मैंने तो बस ये कहा था कि उसे अगर लड़ना है तो लड़ने आ जाए, जहां कहेगा मैं आ जाउंगा। उसने अचानक मेरे पर हमला किया अगर लड़ना है तो सामने आकर लड़ें।






