
राज्य-स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन टोंक समेत आठ टीमें अंतिम आठ में पहुंच चुकी है।
टोंक में इन दिनों हॉकी की अंदर-17 आयु वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के खेले जा रहे मैच अब रोमांचक मोड पर पहुंचने लगे हैं। प्रतियोगिता के तीसरे दिन शनिवार को टोंक टीम अंतिम आठ में पहुंची। टोंक के अलावा श्रीगंगानगर, हॉकी एकेडमी- जयपुर, शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल- बीकानेर, हनुमानगढ़, अलवर, नागौर और भीलवाड़ा टीमें पहुंची हैं।

टोंक शहर के मदरलैंड सीनियर सैकण्डरी स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय अंडर-17 हॉकी प्रतियोगिता की खिताबी जंग रविवार से शुरू हो जाएगी। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंची युवा हॉकी प्रतिभाओं ने मैदान पर अपने खेल कौशल, जोश, उत्साह और जज्बे का प्रदर्शन कर प्रतियोगिता को बेहद रोमांचक बना दिया है।
मैदान पर खिलाड़ियों की तेज रफ्तार, शानदार पासिंग, बेहतरीन ड्रिब्लिंग और गोल करने के प्रयास दर्शकों का भरपूर मनोरंजन कर रहे हैं।

अंतिम आठ टीमों में जगह बनाने वाली टीमों के खिलाड़ी।
प्रतियोगिता संयोजक कमलेश सिंगोदिया ने बताया कि तीसरे दिन लीग मैचों की समाप्ति के बाद रविवार से सुपर लीग के मुकाबले शुरू होंगे। श्रीगंगानगर, हॉकी एकेडमी- जयपुर, शार्दुल स्पोर्ट्स स्कूल- बीकानेर, हनुमानगढ़, अलवर, नागौर, टोंक और भीलवाड़ा की टीमों ने अन्तिम 8 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। रविवार को खेले जाने वाले सुपर लीग के सभी मैच सआदत पैवेलियन ग्राउंड (मैदान नं 3 एवं 4) पर खेले जाएंगे।






