
हिसामपुर स्कूल के 19 खिलाड़ियों का 70वीं राज्य स्तरीय हॉकी टूर्नामेंट के लिए चयन हुआ है। इन खिलाड़ियों ने बघेरा के पास हिसामपुर गांव से टोंक जिले का प्रतिनिधित्व किया।

राज्य स्तर पर खेलकर लौटने के बाद स्कूल परिवार ने खिलाड़ियों का सम्मान किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य कृष्ण गोपाल माली और अन्य टीचर मौजूद थे।
चयनित खिलाड़ियों में 19, 17 और 14 वर्ष के छात्र व छात्रा वर्ग के खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें विजय बंजारा, आरती कीर, संजना कीर, आदित्य मेघवंशी, अनिला धाकड़ और कमल कीर जैसे नाम प्रमुख हैं। इस वर्ष जिला स्तर पर स्कूल की दो टीमों ने पहला, एक ने दूसरा और एक ने तीसरा स्थान हासिल किया था।
स्कूल के पीटी टीचर वीरेंद्र सिंह नरूका की मेहनत से पिछले 10 सालों में 225 खिलाड़ी राज्य स्तर पर और 5 खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर हॉकी प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके हैं। ग्रामीणों ने नरूका के प्रयासों की सराहना की है।



