
सिरोही से हिंगलाज माता की तीसरी ध्वज पदयात्रा रवाना हुई।
सिरोही में हिंगलाज माता नवयुवक मंडल के देखरेख में तीसरी ध्वज पदयात्रा निकाली गई। यह पदयात्रा सिरोही स्थित जीवित पुरुष बाबा समाधि स्थल से शुरू हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु ध्वज लेकर शामिल हुए।
यात्रा रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की और माता के जयकारे लगाए। इस दौरान क्षेत्र में सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। सत्यनारायण योगी ने बताया कि यह पदयात्रा सिरोही से चलकर विभिन्न गांवों और प्रमुख पड़ावों से होते हुए अजमेर जिले की किशनगढ़ तहसील के गहलपुर स्थित हिंगलाज माता मंदिर पहुंचेगी।
पदयात्रियों की सुविधा के लिए रास्ते में भोजन, पानी और रात्रि विश्राम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालु निर्धारित पड़ावों पर रात्रि विश्राम करेंगे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को माता के दर्शन और धार्मिक आस्था से जोड़ना है। समिति ने अधिक से अधिक धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होकर हिंगलाज माता का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है।






