
निवाई के बहड़ गांव में खनन वाली जगह पर बने गहरे गड्ढे के पानी में डूबने से 18 साल के युवक राहुल खटीक की मौत हो गई। वह गुरुवार शाम दोस्तों के साथ घूमने आया था। सेल्फी लेते समय उसका पैर फिसल गया और वह पानी में डूब गया।

हादसे के बाद दोस्तों ने सिरस चौकी पुलिस को खबर दी। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने काफी कोशिश के बाद राहुल का शव पानी से बाहर निकाला। बरौनी थाना प्रभारी जयमल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रशासन के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों में नाराजगी थी। उपखंड अधिकारी गंभीर सिंह ने समझाया और मुआवजे का भरोसा दिया, तब ग्रामीण शव उठाने को राजी हुए। राहुल परिवार का घर चलाने वाला था, उसके पिता की छह साल पहले मौत हो चुकी है।
उसकी अचानक मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी अब छोटे भाई पर आ गई है। हादसे से परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को निवाई उप जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।





