
देवली शहर के पटेल नगर में गुरुवार शाम एक घर से करीब 30 लाख रुपए के सोने के आभूषण चोरी हो गए। यह घटना बीसलपुर परियोजना से रिटायर्ड कर्मचारी महेश प्रकाश लाठी के मकान में हुई। चोरी हुए आभूषणों में 17 तोला वजनी चूड़ी कड़े, शीशफूल, दो अंगूठियां और एक रखड़ी-डोरा शामिल हैं।

वारदात के समय मकान मालिक बाजार गए थे और उनकी पत्नी पास की गली में गई थीं। बताया गया कि दंपती घर की चाबी सीढ़ियों के पास रखते थे। इस दौरान सीसीटीवी में एक संदिग्ध युवती भी दिखाई दी है। पड़ोसी के मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज में एक युवती सीढ़ियों पर आती-जाती दिख रही है।
सूचना मिलने पर देवली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस फुटेज के आधार पर युवती की पहचान करने में जुटी है।





