
राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल सेदरिया खुर्द में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खो-खो प्रतियोगिता हुई। इस प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खेल भावना, अनुशासन तथा टीमवर्क का प्रदर्शन किया। आयोजन का मुख्य उद्देश्य छात्रों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और उनके शारीरिक व मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के समस्त स्टाफ और छात्रों ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद किया। उनके जीवन, कठिन परिश्रम, देशभक्ति और खेल के प्रति समर्पण पर प्रकाश डाला गया। छात्रों ने उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की शपथ ली।

शिक्षकों ने इस अवसर पर कहा कि खेल केवल शारीरिक मजबूती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि ये अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना भी विकसित करते हैं।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्य घनश्याम बनाकर ने शारीरिक शिक्षक आशाराम गुर्जर सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ी कोमल गुर्जर, निकिता और मीनाक्षी को सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर खिलाड़ियों में उत्साह देखा गया। स्कूल परिवार ने छात्रों को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

इस कार्यक्रम में मंजू देवी वर्मा, हेमराज गुर्जर, राजाराम मीणा, खेमराज त्यागी, संजय पाराशर, शैतान सिंह, सुरेंद्र कुमार, जन्सी लाल गुर्जर, सुरज्ञान तंवर, वीरभान चिता, आयुष शर्मा, सुमन गुर्जर, राधाकिशन लोधा और आशा गुर्जर सहित स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।
स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम ने छात्रों को खेलों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ मेजर ध्यानचंद के संघर्ष और समर्पण से प्रेरणा लेने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।






