
निकटवर्ती गांव सुनारा के जांगिडो के मोहल्ले में मुख्य मार्ग पर पिछले करीब एक वर्ष से जलभराव की समस्या ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। निवाई-वनस्थली की ओर से आने वाला यह प्रमुख रास्ता मुख्य बाजार से होते हुए सरपंच निवास के सामने से जांगिडो के मोहल्ले होकर आकोड़िया, सुनारी, सुरिया, राहोली, पथराज और सूरज का खेड़ा सहित आसपास के गांवों को जोड़ता है। इसके बावजूद लंबे समय से यहां जमा दूषित पानी की निकासी के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि पहले घरों, हैंडपंप और अन्य स्रोतों का पानी आगे निकल जाता था, लेकिन आगे सड़क का स्तर ऊंचा होने के कारण पानी की निकासी बंद हो गई। समस्या की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जिस रास्ते से रोजाना ग्रामीण, बच्चे और राहगीर गुजरते हैं, उसी रास्ते से शवयात्रा निकालना तक मुश्किल हो गया है। पीड़ित ग्रामीणों सद्दाम, बबलू, इकबाल, जीतेन्द्र, मुमताज, सुरेश, आसिफ, आरिफ और जयसिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर क्षेत्र के लोगों को राहत की मांग की है।




