
टोंक नगर परिषद के सभापति मयंक गोयल ने मंगलवार सुबह नेहरू पार्क और किदवई पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पार्क में मौजूद आमजन से बात कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। साथ ही मौके पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।


पार्कों के निरीक्षण के दौरान निर्देश देते नगर परिषद चेयरमैन मयंक गोयल।
निरीक्षण के दौरान सभापति ने टूटे हुए झूलों की मरम्मत, खराब फव्वारों को शीघ्र चालू करवाने, आवश्यक स्थानों पर नई लाइटें लगवाने और राष्ट्रीय ध्वज लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पार्क में नियमित स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने और शौचालयों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए भी निर्देशित किया।
इस अवसर पर सभापति मयंक गोयल ने कहा- दीपावली से पहले शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना मेरा लक्ष्य है। इस लक्ष्य को पूरा करने में नगर परिषद के साथ-साथ शहरवासियों की सहभागिता भी बेहद जरूरी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वो स्वच्छता बनाए रखने में नगर परिषद का सहयोग करें और अपने आसपास साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें।
उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर परिषद के जरिए विशेष सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा। आमजन के सहयोग से टोंक को स्वच्छता की दिशा में एक बेहतर शहर बनाने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान इनके साथ कई कांग्रेसी भी मौजूद थे।




