
दैनिक ‘हिन्दुस्तान मेल’ इंदौर द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर हुआ चयन; रायसिंहनगर सहित पूरे प्रदेश में जश्न का माहौल।
रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर)।
शिक्षा के क्षेत्र में अपनी निष्ठा, अटूट समर्पण और अनूठे प्रयोगों से बदलाव लाने वाले श्रीगंगानगर जिले के होनहार शिक्षक व डॉ. कलाम फाउंडेशन ट्रस्ट (ततारसर 50NP) के अध्यक्ष श्री विनोद कुमार सुथार ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सफलता का परचम लहराया है। शिक्षक दिवस के पावन और ऐतिहासिक अवसर पर देश के प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक ‘हिन्दुस्तान मेल’, इंदौर द्वारा उन्हें प्रतिष्ठित “राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार-2026” के लिए चयनित किया गया है। इस गौरवशाली समाचार के आते ही संपूर्ण रायसिंहनगर क्षेत्र और शिक्षा जगत में हर्ष की लहर दौड़ गई है।

डॉ. कलाम फाउंडेशन ट्रस्ट और रामधनी सेवा समिति के संयुक्त प्रयासों को मिली राष्ट्रीय पहचान।
“यह सम्मान मेरे गुरुजनों, परिवार और साथियों के भरोसे की जीत है”
इस ऐतिहासिक पल पर अत्यंत भावुक और कृतज्ञ होते हुए राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता श्री विनोद कुमार सुथार ने कहा— “यह उपलब्धि मेरी व्यक्तिगत सफलता नहीं है। यह मेरे पूजनीय गुरुजनों के मार्गदर्शन, मेरे परिवार के त्याग और डॉ. कलाम फाउंडेशन ट्रस्ट व रामधनी सेवा समिति के हर एक साथी की मेहनत का प्रतिफल है। आप सभी का यह अटूट विश्वास ही मेरी असली पूंजी और ताकत है, जो मुझे शिक्षा की अलख जगाए रखने की प्रेरणा देता है।”
बधाइयों का लगा तांता, क्षेत्रवासियों ने कहा – ‘गौरव का क्षण’
श्री विनोद कुमार जी की इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय उपलब्धि पर डॉ. कलाम फाउंडेशन ट्रस्ट ततारसर, रामधनी सेवा समिति (राष्ट्रीय राजमार्ग आपातकालीन सेवा शिविर) तथा समस्त श्रीगंगानगर वासियों की ओर से उन्हें पलक-पावड़े बिछाकर बधाई दी जा रही है। क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने कहा कि विनोद जी का यह चयन न केवल उनके उत्कृष्ट और बेमिसाल शैक्षिक कार्यों का सम्मान है, बल्कि यह पूरे राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक गौरव का क्षण है।
तमाम सामाजिक संस्थाओं और शुभचिंतकों ने उनके उज्जवल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और निरंतर सफलताओं की कामना करते हुए कहा है कि समाज के प्रति उनका यह समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा एक मजबूत मार्गदर्शक का काम करेगा।





