
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भोपाल के दशहरा मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि मध्य प्रदेश को 31 दिसंबर 2029 तक नशामुक्त करेंगे। भोपाल के भेल दशहरा मैदान पर हुए 11 जिलों के करीब 35 हजार गोपालकों के सम्मेलन में उन्होंने गोशालाओं को ₹101 करोड़ दिए। उज्जैन में बन रहे ₹255 करोड़ के डेयरी प्लांट का वर्चुअली भूमिपूजन किया।

शाह भौंरी में IISER के अत्रि परिसर का शिलान्यास और स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
शाह ने कहा- कांग्रेसी विरोध करते हैं, मैं हिसाब देने आया हूं
शाह ने कहा- कांग्रेसी हमारा विरोध करते हैं। मैं आज उनको हिसाब देने आया हूं। आपने 75 साल में देश में दूध का कुल उत्पादन 14 करोड़ 7 लाख टन पहुंचाया था। मोदी जी ने 10 साल में 25 करोड़ तक पहुंचाने का काम किया है। ये इसलिए होता है कि भाजपा की केंद्र और राज्य सरकारें लगन से काम कर रही हैं।
प्रति व्यक्ति दूध उत्पादन 2014-15 में 307 ग्राम था, अब 58 प्रतिशत बढ़कर 485 ग्राम पर पहुंच गया है। हमारा देश दुनियाभर में सबसे ज्यादा दूध उत्पादन करने वाला देश बना है। इसमें पहले 5 राज्य- उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र बीजेपी शासित ही हैं।
आपके बेटे-बेटी के लिए नशे की जगह नहीं होगी…
केंद्रीय मंत्री ने कहा- मेरी एक मीटिंग मुख्यमंत्री और गृह विभाग के साथ है। मध्यप्रदेश 31 दिसंबर 2029 के पहले नारकोटिक्स से मुक्त हो जाए, इस प्रकार की बारीक प्लानिंग आज करना चाहते हैं। मध्यप्रदेश के सारे अभिभावकों को, विशेष कर माताओं को कहने आया हूं आपके बेटे-बेटी के लिए नशे की जगह ही नहीं होगी, उनका उज्ज्वल भविष्य होने वाला है।
हालांकि, अफसरों के साथ ये बैठक रद्द हो गई है। मध्य प्रदेश समेत 4 राज्यों के इन अफसरों के साथ अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मीटिंग कर रहे हैं। शाह अब प्रेस कॉन्फ्रेंस भी नहीं करेंगे।






