
टोंक जिले में दूसरे चरण के नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के लिए मतदान आज सुबह 7 बजे शुरू हो गया है।
वार्ड नंबर 49 में मतदान करीब 10 मिनट देरी से शुरू होने के मामले में एसडीएम ने बताया कि वहां पंखे और लाइट की सुविधा को लेकर समस्या सामने आई थी, जिसे उपलब्ध करा दिया गया।

इसके अलावा पहचान के लिए एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समय पर नहीं पहुंच पाई थी। वहीं, मॉक पोल के दौरान तीन CU (कंट्रोल यूनिट) में तकनीकी समस्या आई थी।
इंजीनियरों से सर्टिफिकेट लेकर इन मशीनों को रिप्लेस कर दिया गया। मतदान टोंक नगर परिषद सहित मालपुरा, डिग्गी, लांबाहरिसिंह और टोडारायसिंह नगरपालिका में हो रहा है।
यहां सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे। मतदान संपन्न कराने के लिए कुल 271 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
जिन पर 1 हजार 84 सक्रिय मतदान कार्मिक तैनात रहेंगे। वहीं 256 कार्मिक रिजर्व में रखे गए हैं।
इन 5 निकायों में 180 वार्ड हैं और 2 लाख 32 हजार 566 मतदाता है। ये मतदाता पांच नगर निकायों के 178 वार्डों के 630 प्रत्याशियों का राजनीतिक भाग्य तय करेंगे।
5 निकायों में मतदान का प्रतिशत
| निकाय | सुबह 10 बजे तक मतदान का प्रतिशत | दोपहर 1 बजे तक मतदान का प्रतिशत |
| डिग्गी | 30.37 | 64.35 |
| लाम्बा हरिसिंह | 31.91 | 62.82 |
| मालपुरा | 25.82 | 54.12 |
| टोड़ारायसिंह | 28.18 | 57.93 |
| टोंक | 23.34 | 48.26 |
सबसे कम मतदाता नगर पालिका लांबाहरिसिंह में
लांबाहरिसिंह में पहली बार नगर निकाय चुनाव होंगे। यह नई नगर पालिका बनी हैं। इसमें सबसे कम दस हजार 647 मतदाता है। इनमें से पांच हजार 353 पुरुष और पांच हजार 294 महिला मतदाता है। इसमे 20 वार्ड है। यहां 20 मतदान केंद्र बनाए गए है। इसमें 80 सक्रिय कार्मिक लगाए गए हैं। जबकि 24 कार्मिक आरक्षित रखे है। इसके बीस वार्डो में 51 प्रत्याशी भाग्य आजमाया रहे है।
टोंक नगर परिषद के बाद सबसे ज़्यादा प्रत्याशी मालपुरा में
मालपुरा नगरपालिका में 40 वार्ड है। इनमें 42 हजार 165 मतदाता है। इनमें से 21 हजार 270 पुरुष मतदाता और 20 हजार 894 महिला मतदाता है। एक ट्रांसजेंडर मतदाता भी है। यहां 46 मतदान केंद्रों पर 184 सक्रिय और 48 रिजर्व कार्मिकों की व्यवस्था की गई है। इस नगर पालिका में टोंक नगर परिषद के बाद सबसे ज्यादा 161 प्रत्याशी है।
टोडारायसिंह नगरपालिका में 35 वार्ड में से 34 में ही होगा मतदान
टोडारायसिंह नगरपालिका में 35 वार्ड है। लेकिन मतदान 34 वार्डों में होगा। क्योंकि टोडारायसिंह के वार्ड 23 में कांग्रेस के प्रत्याशी ने आवेदन वापस ले लिया था। ऐसे में यहां से बीजेपी के पूर्व चेयरमैन रहे संत कुमार जैन निर्विरोध पार्षद चुन लिए गए है। इस पालिका में कुल 23 हजार 933 मतदाता है। इनमें से 12 हजार 34 मतदाता पुरुष और 11 हजार 899 मतदाता महिला है। इस पालिका में 35 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 140 सक्रिय और 36 रिजर्व कार्मिक रहेंगे।
नई नगर पालिका डिग्गी में सबसे कम है मतदाता:
धार्मिक नगरी डिग्गी पहले ग्राम पंचायत थी। लांबाहरिसिंह के साथ इसे भी नगर पालिका बनाया है। इसमें कुल मतदाता 13 हजार 189 है। इनमें से 6 हजार 566 मतदाता पुरुष और 6 हजार 623 पुरुष मतदाता है। इस नगर पालिका में 25 वार्ड बनाए है। यहां भी पहली बार नगर निकाय चुनाव हो रहे है। इसमें 25 मतदान केंद्र बनाए है। 100 कार्मिक सक्रिय और 28 कार्मिक आरक्षित रखे गए है।







