
देवली के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल परिसर में शुक्रवार सुबह EVM मशीनों के स्ट्रांग रूम के पास सांप दिखाई दिया। मौके पर मौजूद पुलिस के सहायक उपनिरीक्षक (ASI) बजरंग लाल ने तुरंत इसकी सूचना रेस्क्यूर शादाब रिजवी को दी।

सूचना मिलते ही रेस्क्यूर शादाब रिजवी अपने सहयोगी हंसराज के साथ स्कूल परिसर पहुंचे। दोनों ने सावधानी से रेस्क्यू कर सांप को सुरक्षित पकड़ लिया। सांप पकड़े जाने के बाद पुलिस और स्कूल स्टाफ ने राहत की सांस ली।
धामण प्रजाति का था सांप
रेस्क्यूर शादाब रिजवी ने बताया कि पकड़ा गया सांप धामण प्रजाति का है। यह आमतौर पर इंसानों के लिए खतरनाक नहीं होता। धामण सांप खेतों में चूहों का शिकार करता है और दिन के समय अधिक सक्रिय रहता है।
पुलिस और स्कूल स्टाफ रहा मौजूद
सांप के रेस्क्यू के दौरान स्कूल की प्रिंसिपल वसुधा, कांस्टेबल सूरज मीणा समेत पुलिसकर्मी और स्कूल स्टाफ के कई लोग मौके पर मौजूद रहे। सांप को सुरक्षित पकड़े जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।




