
निवाई में रक्षाबंधन के दिन गुरुवार शाम निवाई-झिलाय सड़क मार्ग पर एक सड़क हादसे में मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। केरोद मोड़ के पास तेज गति से आ रही ‘राजस्थान सरकार’ लिखी बोलेरो एसयूवी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
हादसे में 55 वर्षीय गीता देवी और उनके 25 वर्षीय बेटे महेंद्र बैरवा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। परिजनों के अनुसार, संग्रामपुरा निवासी गीता देवी अपने बेटे के साथ रक्षाबंधन पर भाई को राखी बांधने गई थीं। राखी बांधने के बाद दोनों बाइक से वापस संग्रामपुरा लौट रहे थे।
बताया गया कि हादसा गुरुवार शाम करीब 5 बजे स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल के पास हुआ। इसी दौरान तेज गति से आई बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने दोनों घायलों को राजकीय उप जिला अस्पताल निवाई पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने दोनों को जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल रेफर कर दिया।
बोलेरो मौके पर छोड़कर भागा चालक
घटना की सूचना मिलने पर निवाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर थाने पर खड़ा करवाया है। वाहन पर ‘राजस्थान सरकार’ लिखा हुआ बताया गया है।
थाना प्रभारी घासीराम ने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार चालक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।






