टोंक, 8 घंटे पहले

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर टोंक में पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन के नेतृत्व में विभिन्न सेवा एवं जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों की शुरुआत गांधी गौशाला में गौसेवा के साथ हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने गौ माता को गो-ग्रास खिलाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की।
इसके बाद पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन के नेतृत्व में कार्यकर्ता मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र (जनाना अस्पताल) पहुंचे। यहां अस्पताल में भर्ती मरीजों को फल वितरित किए गए।
इस दौरान जच्चा-बच्चा के स्वास्थ्य की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई।
जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सरोकारों का संदेश
सेवा कार्यक्रम के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता और सामाजिक सरोकारों का संदेश दिया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर शाम 6 से 7 बजे के बीच उनके शुभचिंतकों ने अपने-अपने घरों के बाहर एक दीपक जलाकर उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।
पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, आत्मनिर्भरता और सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए ईश्वर से मंगलकामना की।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाई। गौशाला में गौसेवा करने के साथ अस्पताल में मरीजों को फल वितरित कर प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा भाव के रूप में मनाया गया।
ये मौजूद रहे
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबलू सैनी (टैंकर), तीसरी बार नवनिर्वाचित पार्षद मुकेश सैनी, भाजपा नेता विनायक जैन, जिला प्रवक्ता रामावतार धाबाई, धर्मेंद्र गुप्ता, दुर्गेश गुप्ता, पूर्व पार्षद हकीकत राय सौदा, भाजपा युवा नेता सोनू सिंधी, भगवान शर्मा, कैलाश सैनी, गोपाल कुमावत, पार्षद प्रत्याशी दीपक महावर, अजय महावर, आशीष पंचोली, कालू सांखला, सोहन मीणा, हरिओम शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

मेडिकल कॉलेज में शाम को दीपक जलाकर जन्मदिन मनाया।
मेडिकल कॉलेज में मनाया बर्थ-डे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर राजकीय मेडिकल कॉलेज टोंक में जिला महामंत्री प्रभु बाड़ोलिया, जिला महामंत्री विष्णु शर्मा ने एक दीपक आशीर्वाद कार्यक्रम के तहत मेडिकल कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ दीप जलाए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए हाथ जोड़कर भगवान से स्वस्थ और दीर्घायु होने की कामना की और आशा व्यक्त की गई केि प्रधानमंत्री ऐसे ही भारत का नेतृत्व करते रहे।
विकसित भारत के सपने को साकार करते रहें। इस संकल्प के साथ सभी छात्र-छात्राओं ने नरेंद्र मोदी जय घोष के नारे लगाए। जिला महा मन्त्री बाड़ोलिया के पूछने पर सभी छात्र- छात्राओं ने बताया कि आज प्रधानमंत्री मोदी की वजह से मेडिकल कॉलेज टोंक में बना है। जिसके कारण अलग-अलग जिलों व प्रदेशों से आए सभी छात्र-छात्राएं इसका लाभ ले रहे हैं।




