
बच्चे को इलाज के लिए निवाई से टोंक आए 51 वर्षीय व्यक्ति से दिन-दहाड़े घंटाघर इलाके से बाइक सवार बदमाश 29,500 रुपए छीनकर फरार हो गया। वारदात के दौरान पीड़ित ने बाइक पकड़ने की कोशिश की तो बदमाश उसे काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे उसे चोटें आईं। उक्त घटना 2 अक्टूबर दोपहर करीब 1 बजे गांधी पार्क के पास हुई।

कोतवाली पुलिस को दी रिपोर्ट में निवाई निवासी धारासिंह वाल्मीकि ने बताया कि वह तीन अन्य लोगों के साथ चार पहिया वाहन से टोंक आया था। गांधी पार्क में वाहन का पंक्चर निकलवाने के दौरान वह पानी की बोतल लेकर महावर समाज मंदिर की ओर अकेला जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार ने उसे टक्कर मार दी और उसके पास रखे करीब 40 हजार रुपए छीनकर भागने लगा। धारासिंह ने बाइक को पीछे से पकड़ लिया। आरोप है कि बाइक सवार उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। इसके बाद वह बाइक छोड़कर 29,500 रुपए लेकर फरार हो गया।
आईसीआईसीआई बैंक के सामने पीड़ित के रुपए सड़क पर बिखर गए। वहां से गुजर रहे लोगों ने रुपए उठाकर उसे दिए। गिनती करने पर उसके पास 10,500 रुपए ही बचे। शहर कोतवाल बीएल वैष्णव ने बताया कि इस मामले पीड़ित ने रिपोर्ट दी है, बैंक व उसके आस-पास सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे है,, प्रकरण दर्ज कर जांच व आरोपी की तलाश की जा रही है।




