
बड़ागांव में बीसलपुर परियोजना की पाइपलाइन डालने के बाद ठेकेदार ने सड़क को खोदकर छोड़ दिया है। पाइपलाइन का काम पूरा होने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इससे ग्रामीणों और वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है।

सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और खराब रास्ता होने से हादसे का डर बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदने से पहले ठेकेदार ने इसे ठीक करने का भरोसा दिया था। लेकिन, काम पूरा होने के बाद सड़क की कोई सुध नहीं ली गई। अब दोपहिया वाहन चालकों को धीमी गति से और संभलकर निकलना पड़ रहा है। बड़े वाहनों को भी आने-जाने में दिक्कत हो रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, यह रास्ता आसपास के कई गांवों को जोड़ता है। रोजाना बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आते-जाते हैं। सड़क खराब होने के कारण साइकिल से स्कूल जाने वाले बच्चों को भी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से इस मामले पर ध्यान देने और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने सड़क की जल्द से जल्द मरम्मत कराने की भी मांग की है।






