
बाड़मेर में बमनुमा वस्तु से खेलते समय हुए धमाके में बच्चे के हाथ और प्राइवेट पार्ट के चीथड़े उड़ गए। उसका पूरा शरीर झुलस गया। धमाके की चपेट में आने से मां भी घायल हो गई। हादसा बिजराड़ थाना क्षेत्र के भीलों का तला गांव में सोमवार सुबह करीब 8 बजे हुआ।
बच्चे को यह बमनुमा वस्तु खेत में मिली थी। वह उसे घर ले आया और खेलते समय पत्थर पर फेंक दिया। पत्थर पर फेंकते ही उसमें धमाका हो गया। दोनों का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमाका करने वाली वस्तु बम थी या कोई अन्य विस्फोटक सामग्री।

धमाके से बच्चे के हाथ के चीथड़े उड़ गए। वहीं शरीर कई जगह से झुलस गया।
खेत पर मिली थी वस्तु, घर पर खेलते समय धमाका
जानकारी के अनुसार, बिजराड़ थाना क्षेत्र की नवातला जैतमाल ग्राम पंचायत के भीलों का तला गांव में रविवार को भैराराम (5) खेत में बकरियां चराने के साथ खेल रहा था।
बच्चे के पिता श्रवण कुमार ने बताया कि बारिश के कारण खेत में जगह-जगह गड्ढे हो गए थे। इसी दौरान भैराराम को जमीन में दबी एक बमनुमा वस्तु मिली। वह खेलते-खेलते उसे घर ले आया और वहां रख दिया।
सोमवार सुबह नींद से उठने के बाद भैराराम उसी बमनुमा वस्तु से खेलने लगा। खेलते समय उसने वस्तु को पत्थर की तरफ फेंक दिया। इसके तुरंत बाद जोरदार धमाका हो गया। धमाके की चपेट में भैराराम और उससे थोड़ी दूरी पर मौजूद उसकी मां भी आ गई।
भैराराम का पूरा शरीर झुलस गया। उसके हाथ और प्राइवेट पार्ट का मांस फट गया। उसकी मां भी घायल हो गई। परिजन दोनों को बाड़मेर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को जोधपुर रेफर कर दिया गया।

भीलों का तला गांव में बच्चे का घर, जहां पर हादसा हुआ।
ASP बोले- मामले की जांच कर रहे
एएसपी नितेश आर्य ने बताया- बिजराड़ थानाधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
फिलहाल बमनुमा वस्तु होने की जानकारी मिली है। पूरी जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि वह बम था या कोई और चीज।






