
निवाई की कृषि उपज मंडी में स्थित भगवान लक्ष्मीनारायण मंदिर में संगीतमय श्रीमद् भागवत ज्ञान कथा सप्ताह शुरू हो गया है। कथावाचक पंडित प्रदीप गिर्राज शास्त्री के सानिध्य में विधि-विधान से इसका शुभारंभ हुआ।

कलश यात्रा में शामिल हुई 51 महिलाएं
कथा से पहले चिंताहरण गणेश मंदिर से एक कलश यात्रा निकाली गई। इसमें 51 से ज्यादा महिलाएं सिर पर मंगल कलश लेकर नाचते-गाते निकलीं। बैंड-बाजे और डीजे के भजनों पर श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते हुए चल रहे थे।
पूरे रास्ते ‘जय श्री कृष्णा’ और ‘राधे-राधे’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। जगह-जगह फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया गया। कलश यात्रा मुख्य मार्गों से होते हुए कथा स्थल पर पहुंची, जहां पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ मंगल कलशों की स्थापना की।
भागवत के महत्व का वर्णन किया
इसके बाद दोपहर 1 बजे से श्रीमद् भागवत कथा शुरू हुई। कथावाचक ने भागवत महात्म्य का सुंदर वर्णन किया, जिससे श्रोता भावविभोर हो गए। इस मौके पर गजानन्द जाट, भगवानसहाय शर्मा, रामू पटेल, कजोडमल शर्मा, राजमल गिरदावर और नारायण शास्त्री समेत कई श्रद्धालु मौजूद थे।




