
बिजली के खंभे में करंट उतरने से दूनी थाना क्षेत्र की चांदसिंहपुरा ग्राम पंचायत की सुबेदारों की ढाणी में 3 भैंसों की मौत हो गई। हादसे में पशुपालक को करीब 3 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने पर बिजली निगम के कर्मचारी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद बिजली आपूर्ति बंद कर खंभे में करंट उतरने की समस्या को दूर किया गया।

ग्रामीणों ने हादसे के लिए बिजली निगम की कथित लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए पीड़ित पशुपालक को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
10 दिन पहले भी खंभे में उतरा था करंट
सुबेदारों की ढाणी निवासी पुष्पेंद्र पुत्र ब्रह्मानंद गुर्जर ने बताया- गांव के पास आवां-दूनी रोड पर एक पेट्रोल पंप के नजदीक बिजली का खंभा लगा हुआ है। आरोप है कि करीब दस दिन पहले भी इस खंभे में करंट उतर आया था। उस समय स्पार्किंग से पास में रखे चारे में आग लग गई थी, जिसे ग्रामीणों ने बुझा दिया था।
पुष्पेंद्र का आरोप है कि पहले की घटना के बावजूद बिजली निगम की ओर से समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया। शुक्रवार को इसी खंभे में करंट उतरने से वहां से गुजर रहीं उनकी तीन भैंसें उसकी चपेट में आ गईं और उनकी मौत हो गई। इससे उन्हें करीब तीन लाख रुपए के पशुधन का नुकसान हुआ है।
पुलिस, पटवारी और बिजली निगम की टीम पहुंची
हादसे के बाद पीड़ित ने पुलिस, पटवारी और बिजली निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद पशु चिकित्सा कर्मियों को बुलाकर मृत भैंसों के निस्तारण की व्यवस्था करवाई गई। बिजली निगम के कर्मचारियों ने आपूर्ति बंद कर खंभे में करंट उतरने की समस्या को दूर किया।
मुआवजे और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग
पीड़ित पशुपालक पुष्पेंद्र ने नुकसान की भरपाई के लिए मुआवजा देने और लापरवाही बरतने वाले बिजली निगम कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण विनोद गुर्जर ने कहा कि हादसे से पशुपालक को आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने पीड़ित को तीन लाख रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।




