
निवाई के स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल की एक छात्रा ने सीबीएसई वेस्ट जोन योगासन प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर नेशनल स्तर के लिए क्वालीफाई किया है। यह प्रतियोगिता मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित चमेली देवी अग्रवाल ग्रुप इंजीनियरिंग एंड इंस्टिट्यूट टेक्नोलॉजी में हुई, जिसमें राजस्थान, मध्य प्रदेश और गुजरात की कई टीमों ने भाग लिया।
निवाई की प्रतिष्ठा कुमावत ने योग के विभिन्न कठिन आसनों का शानदार प्रदर्शन कर जजों को प्रभावित किया।
स्कूल के प्रधानाचार्य कुंभाराम चौधरी ने बताया – प्रतिष्ठा कुमावत ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। उन्होंने इस चयन को पूरे निवाई क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतिष्ठा नेशनल प्रतियोगिता में भी गोल्ड मेडल जीतकर राजस्थान का नाम रोशन करेंगी।
स्कूल पहुंचने पर हुआ स्वागत
स्कूल पहुंचने पर प्रतिष्ठा कुमावत और विजेता टीम के अन्य सदस्यों मोनिका चौधरी, कृतिका जोशी, टीम प्रभारी कुंती शर्मा और शारीरिक शिक्षिका का स्वागत किया गया। उन्हें तिलक लगाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया गया और बधाई दी गई।






