देवली, 4 घंटे पहले

देवली नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया मंगलवार सुबह 10 बजे से शुरू हो गई। भाजपा और कांग्रेस दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं। भाजपा ने निवर्तमान पालिकाध्यक्ष नेमीचंद जैन को उपाध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस की ओर से निवर्तमान पालिका उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल चुनाव लड़ रहे हैं।

भाजपा प्रत्याशी नेमीचंद जैन अपने समर्थकों और प्रस्तावकों के साथ देवली नगर पालिका सभागार पहुंचे। उन्होंने रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष उपाध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
नेमीचंद जैन इससे पहले देवली नगर पालिका के पालिकाध्यक्ष रह चुके हैं। भाजपा ने उन्हें अब उपाध्यक्ष पद के चुनाव में प्रत्याशी बनाया है।


कांग्रेस ने सौरभ जिंदल को उतारा
कांग्रेस की ओर से निवर्तमान पालिका उपाध्यक्ष सौरभ जिंदल ने नामांकन दाखिल किया। वह भी समर्थकों और प्रस्तावकों के साथ नगर पालिका सभागार पहुंचे और रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र जमा कराया।
दोनों प्रमुख दलों के प्रत्याशियों के नामांकन के साथ ही देवली नगर पालिका में उपाध्यक्ष पद को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
दोपहर 2:30 बजे से होगा मतदान
उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान मंगलवार दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक नगर पालिका सभागार में कराया जाएगा। मतदान के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
भाजपा के 17, कांग्रेस के 8 पार्षद
देवली नगर पालिका में कुल 35 पार्षद हैं। इनमें भाजपा के 17 और कांग्रेस के 8 पार्षद हैं, जबकि 10 निर्दलीय पार्षद भी निर्वाचित हुए हैं। इससे पहले भाजपा की कजोड़ी देवी देवली नगर पालिका अध्यक्ष चुनी जा चुकी हैं।






