
देवली में नगर पालिका चुनाव को लेकर पुलिस ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली है। बुधवार को होने वाले मतदान के दौरान शहर के अलग-अलग वार्डों में बनाए गए मतदान केंद्रों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

देवली डीएसपी मदन ढाका और थाना प्रभारी प्रीति ने बताया कि नगर पालिका क्षेत्र के 35 मतदान केंद्रों को सामान्य और क्रिटिकल (संवेदनशील) श्रेणी में चिन्हित किया गया है। सामान्य मतदान केंद्र पर दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें एक कांस्टेबल और एक होमगार्ड शामिल होगा। वहीं, क्रिटिकल मतदान केंद्र पर चार पुलिस जवान सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालेंगे।
सुरक्षा के लिए 6 मोबाइल टीमें बनाई
कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब आधा दर्जन मोबाइल टीमें भी गठित की गई हैं। ये टीमें नगर पालिका क्षेत्र में लगातार भ्रमण कर मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगी।
डीएसपी मदन ढाका ने बताया कि मोबाइल टीमों में पुलिस लाइन से अतिरिक्त जवान लगाए गए हैं। किसी भी स्थिति में इन टीमों को मौके पर भेजकर व्यवस्था संभालने की तैयारी की गई है।
3 सुपरवाइजर भी संभालेंगे निगरानी
मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए तीन सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। इनमें दो इंस्पेक्टर और एक सर्कल ऑफिसर स्तर के अधिकारी शामिल हैं।
डीएसपी मदन ढाका ने देवली के अलग-अलग मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और जवानों को मतदान के दौरान सतर्क रहने तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी निर्देश दिए।




