
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दूनी नगरपालिका के वार्डों के लिए नाम-निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया गुरुवार से विधिवत शुरू हो गई है। दूनी तहसील कार्यालय में रिटर्निंग अधिकारी एवं तहसीलदार अजय कुमार पांडे नामांकन पत्र स्वीकार कर रहे हैं।
नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से 31 अगस्त 2024 तक चलेगी। इच्छुक अभ्यर्थी प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त को दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित की गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, 28 अगस्त (रक्षाबंधन) और 30 अगस्त (रविवार) को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इन दोनों तिथियों में नामांकन पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही दूनी नगरपालिका क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। विभिन्न वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों ने अपनी तैयारियां बढ़ा दी हैं। संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ समीकरण साधने और कागजी कार्रवाई पूरी करने में जुटे हैं।






