
टोंक पुलिस ने निवाई उपखंड में अवैध खनन, शराब तस्करी और वांछित अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की, 56 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद किए और बजरी खनन-परिवहन के मामले में करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहे 2 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दत्तवास थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन से जुड़े मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी निरमा मीणा ने बताया कि वाहन मालिक बद्री प्रजापत और चालक महावीर सिंह को हिरासत में लेकर नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बद्री प्रजापत (41) निवासी कुम्हारों की ढाणी उदगांव, थाना मित्रपुरा, जिला सवाई माधोपुर और महावीर सिंह (26) निवासी कुटका के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी करीब डेढ़ महीने से फरार चल रहे थे।
8 टन अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
इधर, बरोनी थाना पुलिस ने गश्त के दौरान ग्राम वजीरनगर जानका क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की। थाना प्रभारी जयमल ने बताया कि ट्रॉली में करीब 8 टन अवैध बजरी भरी हुई थी।
वहीं, निवाई सदर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भगतरामपुरा निवासी राजाराम पुत्र नारायण गुर्जर (55) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध देशी शराब के 56 पव्वे बरामद किए।






