टोंक,

पुलिस ने नकली बीड़ी फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर लाखों रुपयों की नकली बीड़ियां और अन्य सामान जब्त किया है।
टोंक में नकली बीड़ी का कारखाना चल रहा था। यहां 187 किलो कच्चा माल मिला है। बड़ी कंपनियों के रैपर, 14 सील और नकली हॉलमार्क भी पाए गए हैं। कारखाने में 187 किलो बीड़ी तैयार हालत में मिली। जबकि 8.3 किलो कच्चा माल भी मिला है। यह कारखाना गुरुवार को शहर में आजाद नगर जकीरे के पास एक मकान में चलता मिला।

पुलिस ने बताया- एसपी रोशन मीना के निर्देशन में डीएसटी टोंक और थाना कोतवाली पुलिस ने कॉपीराइट अधिनियम के तहत ये कार्रवाई की है। पुलिस ने बड़ी कंपनियों के नाम पर नकली बीड़ी बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है।जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) टोंक और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
सामान जब्त,एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार- शहर के आजाद नगर जकीरे के पास एक मकान में बीड़ी की अवैध फैक्ट्री चलने का इनपुट मिला था। इसके बाद टीम बनाकर मौके पर दबिश दी गई। इस दौरान भारी मात्रा में नकली बीड़ी और कच्चा माल बरामद किया। एक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।
मकान में अलग-अलग बड़ी कंपनियों की नकली बीड़ी तैयार की जा रही थी। पुलिस ने मौके से 187.6 किलो तैयार बीड़ी, 8.3 किलो कच्चा माल, विभिन्न कंपनियों के 44.900 किलो रैपर और 14 सील बरामद की। इन सील का इस्तेमाल नकली ब्रांडिंग में किया जा रहा था। नकली हॉलमार्क भी मिले हैं।

पुलिस ने मौके से एक दर्जन सीले भी जब्त की है।
पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ
फैक्ट्री से गिरफ्तार आरोपी नदीम मियां से पुलिस पूछताछ कर रही है। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से नकली उत्पाद तैयार कर नामी कंपनियों के ब्रांड का दुरुपयोग करने वालों में हडक़ंप मच गया है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नकली बीड़ी तैयार करने का यह कारोबार कब से संचालित हो रहा था। इसके जरिए किन-किन कंपनियों के नाम का इस्तेमाल किया जा रहा था। साथ ही तैयार नकली माल की सप्लाई कहां-कहां की जा रही थी।






