टोंक, 3 घंटे पहले

टोंक जिले पंचायती राज चुनाव की तैयारियों के बीच आज जिला कलेक्ट्रेट में आरक्षण की लॉटरी निकाली जाएगी। इसमें जिला परिषद सदस्यों, प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के पदों का आरक्षण तय होगा। लॉटरी के बाद जिले में पंचायत चुनाव का सियासी गणित भी काफी हद तक साफ हो जाएगा।

कलेक्ट्रेट में सबसे पहले जिला परिषद सदस्यों के पदों की लॉटरी निकाली जाएगी। इसके बाद प्रधान पदों का आरक्षण तय होगा। अंत में पंचायत समितिवार पंचायत समिति सदस्यों के पदों की वर्गवार लॉटरी निकाली जाएगी। इसमें एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के लिए आरक्षित सीटें तय होंगी। वहीं 50 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगे।
जिले की सभी पंचायत समितियों में आरक्षण की लॉटरी के बाद यह साफ हो जाएगा कि कौन-सी पंचायत समिति में प्रधान का पद किस वर्ग के लिए आरक्षित होगा। इसके साथ ही पंचायत समिति सदस्यों के लिए भी आरक्षण की तस्वीर सामने आ जाएगी।
24 सितंबर को सरपंच-वार्ड पंच की लॉटरी जिला परिषद, प्रधान और पंचायत समिति सदस्यों के बाद सरपंच और वार्ड पंच पदों के आरक्षण की लॉटरी 24 सितंबर को संबंधित एसडीएम कार्यालयों में निकाली जाएगी। इसके साथ ही ग्राम पंचायत स्तर पर भी चुनावी समीकरण पूरी तरह स्पष्ट हो जाएंगे।
बता दें कि प्रदेश के 14403 सरपंचों और 130589 वार्डपंचों की लॉटरी 24 सितंबर को संबंधित एसडीएम कार्यालयों में होगी। पंचायती राज चुनाव के तहत इन सभी पदों के लिए ये लॉटरी 17 और 18 अगस्त को निकाली जाने वाली थी। इसके बाद इसके लिए 17 और 18 सितंबर की तारीख तय हुई, लेकिन इन्हें अचानक स्थगित कर दिया गया था।
जिला परिषद के 31 और 160 पंचायत समिति वार्डों की निकलेगी लॉटरी
आज कलेक्ट्रेट सभागार में सुबह 11 बजे लॉटरी में जिला परिषद के 31 वार्ड और पंचायत समितियों के 160 सदस्य वार्डों में आरक्षण की स्थिति तय होगी। इनमें महिलाओं के साथ अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित सीटों की स्थिति सामने आएगी। इसके साथ ही प्रधान पदों का आरक्षण भी स्पष्ट होगा। आरक्षण की घोषणा के बाद से ही राजनीतिक सरगर्मियां में बढ़ जाएगी। चुनाव लड़ने के इच्छुक नेता अपने-अपने क्षेत्र में चुनावी गणित बैठाने में जुट जाएंगे।
कहां कितने पंचायत समिति सदस्य वार्ड
देवली-25, मालपुरा-15, निवाई-29, पचेवर-15, पीपलू-17, टोडारायसिंह-19, टोंक-17, उनियारा-23 सदस्य चुने जाएंगे। पंचायती राज की स्थिति : जिला परिषद सदस्य – 31 पंचायत समितियां 8 पंचायत समिति वार्ड -160 ग्राम पंचायत 282 ग्राम पंचायत वार्ड पंच -2576





