
दिल्ली में अग्निवीर की ट्रेनिंग ले रहे 19 वर्षीय गोपाल सिंह भाटी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
करीब दो महीने पहले ही अग्निवीर के रूप में सेना ज्वाइन की थी और दिल्ली के राजपूताना राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर में ट्रेनिंग ले रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही परिजन दिल्ली पहुंचे। आज उनका पार्थिव शरीर जैसलमेर के पोकरण क्षेत्र के सांकड़ा थाना इलाके में स्थित पैतृक गांव बोनाड़ा लाया जाएगा, जहां सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दिल्ली में ट्रेनिंग के दौरान बिगड़ी तबीयत
जैसलमेर के पोकरण में सांकड़ा थाना इलाके के बोनाड़ा गांव निवासी 19 वर्षीय अग्निवीर गोपाल सिंह भाटी की अचानक मौत हो गई। गोपाल सिंह करीब 2 महीने पहले ही देशसेवा के लिए भारतीय सेना में भर्ती हुए थे। वे दिल्ली में ट्रेनिंग ले रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और उनका निधन हो गया। उनकी मौत की खबर से पूरे इलाके में शोक है।
खबर मिलते ही परिजन दिल्ली पहुंचे, आज गांव आएगा पार्थिव शरीर
गोपाल सिंह के निधन की खबर मिलते ही ओला सरपंच रघुवीर सिंह भाटी सहित परिजन दिल्ली पहुंच गए। आज उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव बोनाड़ा लाया जाएगा। यहां सेना के जवान गार्ड ऑफ ऑनर देंगे और पूरे सैन्य व राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में गांव और आसपास के लोग शामिल होंगे।
दो महीने पहले ही हुआ था चयन
गोपाल सिंह का अग्निवीर के तौर पर चयन करीब 2 महीने पहले ही हुआ था। वे किसान परिवार से थे और सेना में भर्ती होने वाले होनहार युवा थे। ग्रामीणों के अनुसार, गोपाल सिंह बचपन से ही देश की सेवा करना चाहते थे। उन्होंने कड़ी मेहनत कर सेना में भर्ती होने का सपना पूरा किया था। उनकी अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी मातम छाया हुआ है।
सोशल मीडिया पर खबर फैली तो जनप्रतिनिधियों ने जताया दुख
गोपाल सिंह की मौत की खबर सोशल मीडिया पर आने के बाद जैसलमेर और पूरे मारवाड़ में शोक का माहौल है। जनप्रतिनिधियों, साधु-संतों और राजनीतिक लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना जताई है।
केंद्रीय संस्कृति व पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि मां भारती के इस वीर सपूत का इतनी कम उम्र में चले जाना बेहद दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख को सहने की ताकत देने की प्रार्थना की।
शिव विधायक रवींद्र सिंह भाटी, पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी महाराज, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत सिंह हिंगड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सालेह मोहम्मद और पूर्व विधायक शैतान सिंह ने भी शोक संदेश जारी कर परिवार को संबल देने की प्रार्थना की।






