
जयपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार 4 दोस्तों को कुचल दिया। हादसे में 2 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 दोस्त घायल हो गए। घायलों के 1-1 पैर कटकर ट्रक में लटक गए। बाइक के परखच्चे उड़ गए।

दौलतपुरा थाना पुलिस ने घायलों को SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और ड्राइवर की तलाश कर रही है।

सड़क पर गिरने से युवक का सिर फट गया और खून बह गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
ट्रक के अगले हिस्से में कटे पैर लटके मिले
थानाधिकारी महावीर यादव ने बताया- हादसे में अवकेश (18) पुत्र रामकिशोर और प्रवीण (10) पुत्र प्रकाश की मौत हो गई। विकास पुत्र जितेंद्र और शिवम पुत्र बबलू को SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है।
चारों दोस्त रविवार रात को दौलतपुरा रिंग रोड के पास अवकेश की बहन के घर गए थे। सुबह उठकर एक ही बाइक पर घर जा रहे थे। सुबह करीब 6:45 बजे दौलतपुरा सर्विस रोड पर खेडवाड़ी पुलिया के नीचे से खेडवाड़ी जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

ट्रक की टक्कर से बाइक के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो 2 दोस्त मृत मिले, जबकि 2 गंभीर हालत में थे। पुलिस ने टोल एम्बुलेंस की मदद से सभी को SMS हॉस्पिटल भेजा। घायलों के 1-1 पैर घुटने से नीचे से कटकर अलग हो गए।
पुलिस को ट्रक के अगले हिस्से में दोनों कटे हुए पैर लटके मिले। उत्तर प्रदेश के हरदोई के रहने वाले चारों दोस्त परिवार के साथ हरमाड़ा (जयपुर) के माचड़ा में रहते थे और लोहा मंडी में रबर रिंग फैक्ट्री में काम करते थे।





