
कलंदरपुरा के वार्ड नंबर 08/12 में स्थित मीणा मोहल्ला क्षेत्र में भारी बारिश के बाद हालात खराब हो गए हैं। श्मशान घाट से घाड़ जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह पानी में डूब गया है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, जलभराव के कारण पानी सीधा लोगों के घरों में घुस गया है। इससे रोजमर्रा की जिंदगी पर असर पड़ा है। खसरा संख्या 110 की यह आबादी भूमि, जो ‘गेर मुमकिन आम रास्ता’ दर्ज है, अब तालाब जैसी दिख रही है। रास्ता बंद होने से आना-जाना पूरी तरह रुक गया है।
स्थानीय निवासियों ने नाराजगी जताते हुए बताया कि इस खराब स्थिति की जानकारी ग्राम विकास अधिकारी को फोन पर पहले ही दे दी गई थी। लेकिन, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि धुवां कलां ग्राम पंचायत को तुरंत निर्देश देकर इस रास्ते को ठीक करवाया जाए।





