
पीपलू उपखंड के कठमाणा तालाब की पाल पर गुरुवार को एक बड़ा हादसा टल गया। डिग्गी सड़क पर मवेशियों के झुंड को बचाने के चक्कर में एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरा। गनीमत रही कि ड्राइवर ने कूदकर अपनी जान बचा ली।
अरनिया कांकड़ निवासी ड्राइवर किशन मीणा रानोली से ट्रैक्टर की सर्विस करवाकर गांव लौट रहे थे। कठमाणा तालाब की पाल पर अचानक भैंसों का झुंड सामने आ गया। किशन ने ब्रेक लगाए, जिससे ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब में गिर गया। सड़क किनारे सुरक्षा दीवार न होने के कारण यह हादसा हुआ। किशन ने कूदकर अपनी जान बचाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि डिग्गी को टोंक और निवाई से जोड़ने वाला यह रास्ता कठमाणा तालाब की पाल से करीब 2 किलोमीटर तक गुजरता है। इस रास्ते पर कई खतरनाक मोड़ हैं, लेकिन कहीं भी सुरक्षा दीवार या बैरिकेडिंग नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि सुरक्षा के इंतजाम न होने से पहले भी कई वाहन तालाब में गिर चुके हैं। बार-बार हो रहे हादसों को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि तालाब की पाल पर तुरंत मजबूत सुरक्षा दीवार बनाई जाए। इससे भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सकेगा।




