
ककोड़ ग्राम से बाबा रामदेव जी (रुणिचा धाम) के लिए 18वीं वार्षिक पदयात्रा की तैयारियाँ पूरी हो गई हैं। यह यात्रा कल रवाना होगी। ग्रामवासियों द्वारा लगातार 18वें वर्ष इस धार्मिक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसको लेकर ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में उत्साह है।
आयोजन समिति के अनुसार, पदयात्रा रवाना होने से एक दिन पूर्व यात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस कार्य में समस्त ग्रामवासियों का पूर्ण सहयोग रहता है।
यात्रा के दिन, सभी भक्तजन सुबह ठीक 7:00 बजे बाबा तेजाजी महाराज के मंदिर प्रांगण में एकत्रित होंगे। तेजाजी मंदिर से बाबा के ध्वज (नेजा) और संघ के साथ गाजे-बाजे व धूमधाम से पूरे गाँव में भव्य जुलूस (निकासी) निकाली जाएगी।
गाँव भ्रमण के पश्चात, पदयात्रियों का जत्था बाबा रामदेव जी के दर्शन के लिए रुणिचा धाम के लिए प्रस्थान करेगा। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी धर्मप्रेमी बंधुओं से अनुरोध किया है कि जो भी श्रद्धालु इस पावन यात्रा में सम्मिलित होना चाहते हैं, वे कल प्रातः 7:00 बजे तेजाजी महाराज मंदिर प्रांगण में समय पर पहुंचकर धर्म लाभ उठाएं।
पदयात्रा के सकुशल लौटने के पश्चात, भादवे की दूज (बाबा रामदेव जी के जन्मोत्सव) के पावन पर्व पर गांव में विशेष धार्मिक व रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।




