
कांग्रेस ने रविवार को बाड़मेर नगर परिषद के प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की है। इसमें 7 दावदारों को प्रत्याशी बनाया है। इसमें पूर्व विधायक मेवाराम जैन की करीबी प्रवीण कुमार को वार्ड 30 से उम्मीदवार बनाया गया है।
कांग्रेस ने अब तक 55 वार्डों में से 47 वार्डों में प्रत्याशी घोषित किए हैं। 8 वार्डों में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा बाकी है। इससे पहले शनिवार रात को कांग्रेस ने पहली लिस्ट में 40 वार्डों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे।
पूर्व सभापति दीपक माली उर्फ दीपक कुमार को एक बार फिर मैदान में उतारा गया है। कांग्रेस पार्टी ने IAS और RAS की तैयारी कर रही दो युवतियों को भी कैंडिडेट बनाया है।
बाड़मेर नगर परिषद के लिए कांग्रेस की दूसरी लिस्ट

बाड़मेर नगर परिषद के लिए कांग्रेस की पहली लिस्ट


पूर्व सभापति का वार्ड बदला
बाड़मेर में कांग्रेस की पहली लिस्ट में पूर्व सभापति दीपक माली को कांग्रेस ने फिर से प्रत्याशी बनाया है। हालांकि इस बार उनका वार्ड बदल दिया गया है। वे अब वार्ड नंबर 19 से चुनाव लड़ेंगे।
वहीं, वकील मुकेश जैन को वार्ड नंबर 26 से टिकट दिया गया है। मुकेश जैन इससे पहले भी कांग्रेस से पार्षद रह चुके हैं। वे नगर परिषद में प्रतिपक्ष नेता भी रहे हैं। इसके अलावा कांग्रेस में प्रवक्ता समेत कई पदों पर रह चुके हैं।

कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रही युवतियों को टिकट
कांग्रेस ने बाड़मेर में UPSC की तैयारी कर रहीं अलीशा देव (24) को वार्ड 25 से टिकट मिला है। वहीं, RAS की तैयारी कर रही खुशबू आचार्य (25) को वार्ड 7 से उम्मीदवार बनाया गया। दोनों पहली बार चुनाव लड़ेंगी।
नवलगढ़ नगरपालिका के लिए कांग्रेस की तीसरी लिस्ट

कांग्रेस ने झुंझुनूं जिले की नवलगढ़ नगरपालिका के लिए रविवार को तीसरी लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में 5 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई। इससे पहले शनिवार को कांग्रेस ने 2 लिस्ट जारी कर 40 वार्डों में प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया था। पहली में 37 और दूसरी लिस्ट में 3 प्रत्याशियों की घोषणा की थी। दूसरी लिस्ट में कांग्रेस ने वार्ड 1 का प्रत्याशी भी बदल दिया। यहां आरती कुमारी का टिकट बदलकर पूर्व पार्षद के बेटे कैलाश सैनी को टिकट दिया।






