
राजस्थान के मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास गुरुवार को टोंक दौरे पर पहुंचे। टोंक कलेक्ट्रेट पहुंचने पर उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।

जिला कलेक्टर टीना डाबी, एसपी रोशन मीना आदि अधिकारियों ने बुके भेंट कर मुख्य सचिव का स्वागत किया।
इस दौरान अजमेर संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ और टोंक पुलिस अधीक्षक रोशन मीना, एडीएम विनोद मीणा सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक ली
इसके बाद मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले में चल रहे जल संचय एवं जल संवर्धन कार्यक्रम की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही ईसरदा बांध परियोजना की प्रगति और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग PHED से जुड़े विभिन्न प्रोजेक्ट्स की स्थिति की जानकारी ली गई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से विकास कार्यों की प्रगति,योजनाओं के क्रियान्वयन और आमजन को मिल रहे लाभ की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने और परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

मुख्य सचिव का टोंक कलेक्ट्रेट परिसर में पहुंचने पर कलेक्टर टीना डाबी, एसपी रोशन मीना समेत अन्य अधिकारियों ने बुके भेंट कर स्वागत किया।
साइबर थाना टोंक का निरीक्षण किया
समीक्षा बैठक के बाद मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने साइबर थाना टोंक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, पुलिस की कार्यप्रणाली और साइबर अपराध से जुड़े मामलों की कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। अधिकारियों ने साइबर थाना द्वारा किए जा रहे कार्यों और उपलब्ध संसाधनों के बारे में मुख्य सचिव को अवगत कराया। मुख्य सचिव के टोंक दौरे को जिले में चल रही महत्वपूर्ण विकास एवं जल परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है ।
ईसरदा बांध और जलदाय विभाग के दो बड़े प्रोजेक्ट
मीडिया से बातचीत मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने कहा- मुख्यमंत्री के दो बड़े ईसरदा बांध और जलदाय विभाग के प्रोजेक्ट है। इन ओर विस्तृत चर्चा की गई। बांध से पेयजल के लिए पानी की उपलब्धता समेत अन्य जरूरी बिंदुओं को लेकर चर्चा की गई। साथ ही जलदाय विभाग में भी काफी काम हुए। उनका फीडबैक लिया गया है।




