
बारिश से सिरोही-बड़ागांव रोड पर कीचड़ और गंदगी है।
सिरोही-बड़ागांव रोड बारिश के बाद बदहाल हो गया है। सड़क पर पानी भरने और कीचड़ फैलने से ग्रामीणों, वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। फिसलन के कारण दोपहिया वाहन चालकों के हादसा होने का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रोड की खराब स्थिति को लेकर संबंधित विभाग के अधिकारियों को कई बार सूचित किया जा चुका है। हालांकि, समस्या के समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। बारिश के दौरान पानी निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर पानी जमा हो जाता है।
पूर्व सरपंच रामस्वरूप गुर्जर सहित कई ग्रामीणों ने बताया कि 7 सितंबर को करौली से डिग्गी कल्याण महाराज के दर्शन के लिए आने वाले बड़ी संख्या में पदयात्री बड़ागांव में रात्रि विश्राम करेंगे। 8 सितंबर की सुबह लगभग 4 बजे इन पदयात्रियों को इसी बदहाल सिरोही मार्ग से होकर गुजरना पड़ेगा।
रात्रि के समय कीचड़ और पानी के बीच पैदल चलना बुजुर्गों, महिलाओं और दंडवत करने वाले पदयात्रियों के लिए अत्यधिक कठिन होगा। दंडवत करते हुए यात्रा पूरी करने वाले श्रद्धालुओं को इसी कीचड़ में आगे बढ़ना पड़ेगा, जिससे उनके कपड़े और शरीर गंदे होने के साथ चोटिल होने का भी खतरा रहेगा।




