मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के अनूपगढ़ दौरे से पहले कांग्रेस ने जिला बहाली की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने की चेतावनी दी थी। इसके बाद पुलिस ने जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष साहिल कामरा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह गिल, गुरविंदर जाखड़, जालंधर सिंह तूर और बंटी चावला समेत कई पदाधिकारियों को थाने बुलाया।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें बातचीत के बहाने थाने बुलाया गया और नजरबंद कर बैठाए रखा गया। इसकी सूचना मिलने पर विधायक शिमला नायक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंचीं। उन्होंने अकेले अंदर जाने से इनकार कर दिया और कहा कि बातचीत कार्यकर्ताओं के साथ ही होगी।
इसके बाद डीएसपी जयप्रकाश बेनीवाल थाने के मुख्य द्वार पर आए और विधायक से बातचीत की। विधायक नायक ने इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी कांग्रेस जिलाध्यक्ष रूबी कुन्नर को भी दी।






