
भीलवाड़ा के कोटड़ी थाना क्षेत्र में 27 साल की विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई ने पति पर मारपीट करने और जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। शादी के बाद से ही आरोपी पति प्रताड़ित करता था और किसी दूसरी महिला से उसके संबंध थे।
मौत के बाद परिजनों ने जिला हॉस्पिटल की मोर्च्युरी के बाहर विरोध जताते हुए पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दोनों पक्षों में सहमति नहीं बनने से सोमवार रात तक पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। पुलिस मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमॉर्टम करवाएगी, जिसके बाद मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।

सूचना पर पुलिस मोर्च्युरी पहुंची और परिजनों से मामले की जानकारी जुटाई
भाई का आरोप- बहन को प्रताड़ित करता था पति
मृतका के भाई अक्षय कुमार सोनी ने बताया – उसकी बहन राधा (27) की शादी नंदराय गांव निवासी राहुल सोनी से हुई थी। शादी के बाद से ही राहुल उसकी बहन को आए दिन प्रताड़ित करता और मारपीट करता था। राहुल उसकी बहन की परिजनों से भी बात नहीं करवाता था। दूसरी महिला से उसके संबंध थे।
मारपीट के बाद जहर देने का लगाया आरोप
अक्षय ने आरोप लगाया – आरोपी ने मेरी बहन को जहर देकर मार दिया। पहले भी उसके माता-पिता ने राहुल के माता-पिता से बातचीत कर उसे समझाने की कोशिश की थी, लेकिन कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद भी वह राधा के साथ मारपीट करता रहा।
सहमति नहीं बनने से रात तक नहीं हुआ पोस्टमॉर्टम
घटना के बाद देर शाम तक दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने के कारण शव का पोस्टमॉर्टम नहीं हो सका। पुलिस ने शव को भीलवाड़ा जिला हॉस्पिटल की मोर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को परिजनों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही विवाहिता की मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। परिजनों ने मृतका को न्याय दिलाने और पति राहुल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






