
बनेठा कस्बे में पिछले छह-सात दिनों से बीसलपुर पेयजल परियोजना की आपूर्ति बाधित है। इसके चलते क्षेत्र में गंभीर पेयजल संकट गहरा गया है। राखी के त्योहार पर भी स्थानीय निवासियों को पेयजल के लिए जूझना पड़ा है।
बनेठा की अंबेडकर कॉलोनी, शंकरपुरा कॉलोनी, मीनों की झोपड़ियां, रूपपुरा और सुरेली रोड जैसे क्षेत्रों में बीसलपुर का पानी नहीं पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कस्बे के अलावा आसपास के दर्जनों गांवों में भी पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है।
ग्रामीणों ने बताया कि बीसलपुर की पाइपलाइन में खराबी आने के बाद उसकी मरम्मत में विभाग और संबंधित ठेकेदार द्वारा कई दिन लगाए गए। ग्रामीणों का आरोप है कि एक पाइपलाइन की खराबी को ठीक करने में छह दिन से अधिक का समय लगना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
पानी की आपूर्ति बंद होने का कारण जानने के लिए जब ठेकेदार से संपर्क किया गया, तो पहले पाइपलाइन टूटने की बात कही गई, फिर स्टाफ के छुट्टी पर होने का हवाला दिया गया। ग्रामीणों ने पेयजल समस्या को लेकर बीसलपुर परियोजना के अधिकारियों से भी संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों बताया कि एईएन धर्मराज का फोन बंद था, जबकि एक्सईएन से भी संपर्क नहीं हो पाया।
राखी के त्योहार के दौरान भी पानी की आपूर्ति बंद रहने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गईं। घरों में पीने के पानी के साथ-साथ रोजमर्रा के कामों के लिए भी पानी जुटाना मुश्किल हो गया। लोगों को निजी साधनों से पानी की व्यवस्था करनी पड़ी और त्योहार के मौके पर भी पानी के लिए भटकना पड़ा। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर पेयजल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।






