निवाई, 8 मिनट पहले

निवाई के राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल कुरावदा में बुधवार से 70वीं जिला स्तरीय 14 वर्षीय बालक-बालिका खो-खो प्रतियोगिता शुरू हुई। प्रतियोगिता 23 से 25 सितंबर तक चलेगी। इसमें जिलेभर के अलग-अलग स्कूलों से 800 से ज्यादा छात्र-छात्राएं हिस्सा लेने पहुंचे हैं। प्रतियोगिता को लेकर स्कूल परिसर में खिलाड़ियों के साथ ग्रामीणों में भी उत्साह नजर आया।

प्रतियोगिता के शुभारंभ पर खिलाड़ियों को खेल प्रतिज्ञा दिलाई गई। इसके बाद खेल ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की गई।
आयोजनकर्ता एवं प्रधानाचार्य जयनारायण मीणा ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। खिलाड़ियों के भोजन की व्यवस्था दानदाता मोजीराम कुरावदा की ओर से की गई है।
पहले मुकाबले में वंशीका और छान स्कूल जीते
जिला खेल प्रभारी एवं शारीरिक शिक्षक रमेशचंद गुर्जर की निगरानी में प्रतियोगिता के मुकाबले कराए जा रहे हैं। छात्रा वर्ग का पहला मैच राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूल पद्रेहड़ा और वंशीका पब्लिक स्कूल के बीच हुआ, जिसमें वंशीका पब्लिक स्कूल की टीम विजेता रही।
वहीं छात्र वर्ग में पहला मुकाबला गोपालपुरा और छान स्कूल की टीमों के बीच हुआ। इसमें छान स्कूल की टीम ने जीत दर्ज की।
स्टाफ और ग्रामीण व्यवस्थाओं में जुटे
स्कूल के पीईईओ सुरेश हरसल ने प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को बेहतर माहौल देने के लिए स्कूल स्टाफ और ग्रामीण मिलकर व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे हैं।
ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से प्रतियोगिता को लेकर स्कूल परिसर में उत्साह का माहौल बना हुआ है। प्रतियोगिता के दौरान जिलेभर से आए खिलाड़ी अलग-अलग मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन में ये लोग रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में पूर्व सरपंच नीतेश मीणा, समाजसेवी कैलाश सिंह उमरवाल, शिवदयाल, मुकेश, मिंटू मीणा, जगदीश, सुरेश, संजय, मुकेश उमरवाल और शारीरिक शिक्षक बुधराम गुर्जर सहित कई लोग मौजूद रहे।






