निवाई शहर में बुधवार को भारी बारिश के बीच एक विशाल तिरंगा रैली निकाली गई। कृषि उपज मंडी परिसर से शुरू हुई यह रैली लगभग एक किलोमीटर लंबी थी, जिसमें बड़ी संख्या में शहरवासी और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए।

रैली के दौरान डीजे पर देशभक्ति गीत बजते रहे और ‘भारत माता की जय’ के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। तेज बारिश के बावजूद, हाथों में तिरंगा लिए लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ, बल्कि वे पूरे जोश के साथ आगे बढ़ते रहे।
यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों जैसे अहिंसा सर्किल, बस स्टैंड और जमात तक निकाली गई। इस दौरान शहर की सड़कों पर जगह-जगह तिरंगे लहराते दिखे, जिससे राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया गया






