
उदयपुर नगर निगम और जिले की पांच नगर पालिकाओं के नामांकन पत्र आज से भरे जाएंगे। इसके लिए निर्वाचन विभाग और पुलिस ने पुख्ता व्यवस्था की है। इस बार प्रत्याशियों को नामांकन भरने के लिए केवल तीन दिन का समय मिलेगा।
उदयपुर जिले में उदयपुर शहर के नगर निगम, वल्लभनगर विधानसभा की वल्लभनगर, भींडर और कानोड़ नगर पालिका और मावली विधानसभा क्षेत्र की फतहनगर-सनवाड़ और मावली नगर पालिका के लिए नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
निर्वाचन विभाग ने 27 से 31 अगस्त तक नामांकन पत्र भरने का समय रखा है, लेकिन 28 अगस्त को रक्षाबंधन और 30 अगस्त रविवार को छोड़कर प्रत्याशी केवल 27, 29 और 31 अगस्त के दिन ही नामांकन पत्र भर सकेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव अग्रवाल ने बताया- उदयपुर नगर निगम के सभी वार्डों के नामांकन कलेक्ट्रेट परिसर स्थित अलग-अलग कार्यालयों में जमा होंगे। इसको वार्डवार बांटा गया है। उन्होंने बताया- दूसरी नगर पालिकाओं के नामांकन के लिए भी स्थान तय कर दिए गए हैं, जहां दाखिल होंगे।
इस बार होम वोटिंग की सुविधा नहीं
निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव बुजुर्ग मतदाताओं को राहत देते हुए होम वोटिंग की सुविधा दी थी लेकिन नगर निकाय चुनाव में राज्य निर्वाचन आयोग ने इसकी व्यवस्था नहीं की है। अब हर वर्ग के मतदाता चाहे बुजुर्ग और बीमार हो, उसे वोट देने के लिए पोलिंग बूथ (मतदान केन्द्र) पर जाना होगा।










