
नवरंगपुरा से डिग्गी कल्याण और वीर तेजाजी महाराज की पदयात्रा शुरू
नवरंगपुरा ग्राम पंचायत की बालाजी सेवा समिति की ओर से रविवार को डिग्गी कल्याण महाराज की 28वीं और सुरसुरा स्थित वीर तेजाजी महाराज की दूसरी पदयात्रा शुरू हुई।
यह यात्रा सीताराम महाराज मंदिर से शुरू हुई। यात्रा शुरू होने से पहले मंदिर के मुख्य पुजारी शिवराम वैष्णव ने वैदिक मंत्रों के साथ ध्वज और यात्रा की पूजा करवाई।
पूजा के बाद कल्याण महाराज की ध्वजा राधेश्याम गुप्ता को और वीर तेजाजी महाराज की ध्वजा लोकेश चौधरी को सौंपी गई। ये दोनों ध्वजा लेकर पदयात्रा के आगे-आगे चले।
सीताराम मंदिर से यह पदयात्रा सबसे पहले गांव के बालाजी महाराज और दक्षिण मुखी पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंची। यहां पदयात्रियों ने दर्शन कर सुख-समृद्धि और यात्रा अच्छे से पूरी होने की प्रार्थना की।
इसके बाद पदयात्रा अपनी मुख्य जगह डिग्गी कल्याण के लिए आगे बढ़ी। डिग्गी कल्याण के दर्शन और पूजा के बाद यही पदयात्रा सुरसुरा स्थित वीर तेजाजी महाराज के धाम के लिए जाएगी।
इस मौके पर बालाजी सेवा समिति के अध्यक्ष विकास गुप्ता, रामअवतार जांगिड़, रामकरण सिंह, लाल सिंह, देवेंद्र वैष्णव सहित कई स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद थे। पूरे यात्रा मार्ग के दौरान “जय डिग्गी कल्याण” और “जय वीर तेजाजी महाराज” के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा।




