
देवली में नगरपालिका चुनाव के मद्देनजर श्री सांवरिया सेठ डाक निशान यात्रा की तारीख में बदलाव कर दिया गया है। पहले तय कार्यक्रम को आगे बढ़ाते हुए अब यह यात्रा 1 सितंबर को देवली से रवाना होगी और 2 सितंबर को श्री सांवरिया सेठ धाम पहुंचकर ध्वजारोहण किया जाएगा।
समिति व्यवस्थापक अतीश थारवान ने बताया – पहले यह यात्रा 8 सितंबर को रवाना होकर 9 सितंबर को धाम पहुंचने वाली थी। लेकिन 9 सितंबर को नगरपालिका चुनाव का मतदान होने के कारण यात्रा की तारीख बदली गई है। श्रद्धालु करीब 84 कोस की दूरी 31 घंटे में पैदल तय करेंगे।
कोटड़ी श्याम की 27वीं पदयात्रा भी हुई रवाना
इधर, श्री चारभुजानाथ कोटड़ी श्याम पदयात्रा मंडल देवली की ओर से देवली से कोटड़ी श्याम की 27वीं विशाल पदयात्रा गुरुवार सुबह श्री चारभुजा मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद धूमधाम से रवाना हुई। पदयात्रियों को विदा करने के लिए बड़ी संख्या में परिजन और श्रद्धालु शहर के बाहर तक पहुंचे।
इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष नेमीचंद जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पदयात्रियों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं। श्रद्धालुओं ने श्री चारभुजानाथ ठाकुर जी की झांकी के दर्शन भी किए।
तीन पड़ाव के बाद 23 अगस्त को चढ़ेगी ध्वजा
मंडल अध्यक्ष रामेश्वर दीया ने बताया कि पदयात्रा का पहला रात्रि विश्राम 20 अगस्त को जहाजपुर में, दूसरा 21 अगस्त को रोपा में तथा तीसरा 22 अगस्त को बीरधोल में होगा। इसके बाद 23 अगस्त को दोपहर 12:15 बजे श्री चारभुजानाथ कोटड़ी श्याम के ध्वजा चढ़ाई जाएगी।
मंडल की ओर से यात्रा को लेकर सभी तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई थीं और भगवान श्री चारभुजानाथ का रथ भी तैयार किया गया था।
मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री रामस्वरूप टाक ने बताया – इस वर्ष भी कोटड़ी श्याम पदयात्रा में खासा उत्साह देखा गया। पदयात्रा मार्ग पर जगह-जगह श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। उन्होंने बताया कि पदयात्रा मार्ग पर हर गांव में श्रद्धालुओं की सेवा के लिए ग्रामीण हर साल आते हैं।






