निवाई, 28 मिनट पहले

निवाई के देवधाम जोधपुरिया में लक्खी मेले के दौरान एक हादसा हुआ। रेलिंग में करंट दौड़ने से जयपुर के पीयूष गुर्जर की मौत हो गई थी। इसके बाद देवधाम मंदिर ट्रस्ट जोधपुरिया ने मृतक के परिवार की मदद के लिए 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता जुटाई। ये राशि ट्रस्ट की कार्यकारिणी और समाज के सहयोग से एकत्रित की गई।

हादसे की खबर मिलने के बाद देवधाम मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेश गुर्जर, कोषाध्यक्ष जगदीश बोकण, महामंत्री रतनदीप गुर्जर और समाजसेवी सुरेश डोई मृतक पीयूष के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार से मिलकर संवेदना जताई और आर्थिक सहायता सौंपी।

ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कहा कि पीयूष गुर्जर की अचानक मौत बहुत दुखद है। इस मुश्किल समय में पूरा समाज परिवार के साथ खड़ा है। इस सहयोग राशि को जुटाने में समाज के लोगों और दानदाताओं ने भी योगदान दिया।
ट्रस्ट ने बताया कि धार्मिक संस्थाओं का काम सिर्फ धार्मिक आयोजन करना नहीं है। संकट के समय जरूरतमंद परिवारों के साथ खड़े रहना भी उनकी सामाजिक जिम्मेदारी है। पीयूष के निधन से परिवार को जो नुकसान हुआ है, उसकी भरपाई नहीं हो सकती। लेकिन यह मदद परिवार को इस मुश्किल घड़ी में कुछ सहारा देने की कोशिश है।






