
निवाई की दत्तवास थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) टोंक ने एक संयुक्त कार्रवाई में 11 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में इन आरोपियों द्वारा लगभग 2 करोड़ रुपए की साइबर ठगी का खुलासा हुआ है। दत्तवास थाना प्रभारी निरमा मीणा ने बताया-आरोपियों के कब्जे से दो बोलेरो, एक स्विफ्ट कार, 12 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, पांच एटीएम कार्ड और 37 हजार रुपए नकद बरामद किए गए हैं।
देशभर में 81 ऑनलाइन शिकायतें मिलीं
पुलिस ने बताया- आरोपी ठगी के लिए 396 फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। इनके खिलाफ देशभर के साइबर अपराध शिकायत पोर्टल (NCRP) पर 81 ऑनलाइन शिकायतें भी दर्ज मिली हैं। पुलिस अब इन शिकायतों का सत्यापन कर ठगी की वास्तविक राशि और पीड़ितों की संख्या का पता लगा रही है।
चार सालों से साइबर ठगी के नेटवर्क में थे सक्रिय
पुलिस ने बताया-आरोपी पिछले करीब चार वर्षों से साइबर ठगी के इस नेटवर्क में सक्रिय थे। वे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम के माध्यम से लोगों से संपर्क करते थे। इसके बाद उन्हें मोटी रकम कमाने या निवेश पर बड़ा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाते थे।
जांच में यह भी पता चला है कि ठगी के लिए फर्जी PhonePe एप और फर्जी इन्वेस्टमेंट लिंक का उपयोग किया जाता था। लोगों को ऑनलाइन निवेश में भारी मुनाफा का लालच देकर उनसे विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए जाते थे।
11 आरोपियों को हिरासत में लेकर की पूछताछ
DST टोंक और दत्तवास थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सभी 11 आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। साइबर ठगी से जुड़े तथ्य सामने आने के बाद दत्तवास थाने में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब आरोपियों से उनके बैंक खातों, सिम कार्ड, सोशल मीडिया अकाउंट और ठगी की रकम के लेनदेन से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
ये आरोपी पकड़े गए
पुलिस के अनुसार कार्रवाई में अंशुमान सिंह (22) पुत्र रामप्रकाश मीणा निवासी अलीगढ टोंक, नमोनारायण (21) पुत्र रामस्वरूप मीणा, सोनू (22) पुत्र रमेशचंद मीणा , विजेन्द्र (28) पुत्र घनश्याम मीणा , राहुल (29) पुत्र चोथमल, महेश (28) पुत्र चौथमल, मनीष (24) पुत्र हनुमान, अरविन्द (25) पुत्र जगदीश मीणा , सौरभ (23) पुत्र रमेश मीणा , रितेश (18) पुत्र रामस्वरूप मीणा रोहित (20) पुत्र लड्डू मीणा निवासी पांचला थाना अलीगढ टोंक को गिरफ्तार किया गया है। बरामद सामान ने खोली साइबर नेटवर्क की परतें
कार्रवाई के दौरान बरामद 12 मोबाइल, लैपटॉप, पांच एटीएम कार्ड, तीन वाहन और नकदी को पुलिस ने जांच में महत्वपूर्ण माना है। मोबाइल और लैपटॉप की तकनीकी जांच से पुलिस को साइबर ठगी के तरीके, संपर्क में रहे लोगों और पैसों के लेनदेन से संबंधित अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। करीब 2 करोड़ रुपए की ठगी और 81 ऑनलाइन शिकायतों के सामने आने के बाद पुलिस अब इस नेटवर्क की पूरी तह तक पहुंचने में जुट गई है।






