
खारोल की ढाणी को 20 किमी दूर पंचायत में जोड़ने का विरोध किया।
खारोल की ढाणी के ग्रामीण परिसीमन के फैसले का विरोध कर रहे हैं। हाल ही में उनकी ढाणी को झिलाय ग्राम पंचायत से हटाकर करीरिया ग्राम पंचायत में शामिल कर दिया गया है।

रामकेश प्रजापत, नानगराम, गिर्राज सहित लोगों का कहना है कि झिलाय ग्राम पंचायत उनसे सिर्फ 2 किलोमीटर दूर थी। करीरिया ग्राम पंचायत 20 किलोमीटर से ज्यादा दूर है और उस रूट पर उनका आना-जाना भी नहीं रहता।
बुजुर्गों और महिलाओं को पंचायत के काम कराने में काफी परेशानी होगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि खारोल की ढाणी (नदी की ढाणी) को वापस झिलाय ग्राम पंचायत में ही रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांग नहीं मानी गई, तो वे आने वाले सभी चुनावों का बहिष्कार करेंगे। इससे लोकतंत्र का हनन होगा।




